पुरातत्त्व का पूर्वेतिहास
पुरातत्व संस्कृत-शब्द है। वह अंग्रेज़ी शब्द Antiquity के अर्थ में व्यवहार होता है। पुरानी वस्तुओं का तत्व जानना, उनकी रक्षा करना, उनके विषय में गवेपणा करना, उनके सम्बन्ध की भूलों और भ्रमों का निरसन करना आदि इस शास्त्र के जाननेवालों का काम है।
प्राणियों में मनुष्य ही सबसे श्रेष्ठ है, क्योंकि उसी में सब से अधिक ज्ञान का विकास पाया जाता है। जिसमें ज्ञान की मात्रा जितनी ही कम है वह मनुष्य उतना ही अधिक पशुत्व की ओर झुका हुआ समझा जाता है। इसी तरह जिसमें उसकी मात्रा अधिक है वह उतना ही अधिक ईश्वरत्व अथवा सर्वज्ञत्व की ओर झुका हुआ समझा जाता है। कोई मनुष्य आज तक सर्वज्ञ हुआ है या नहीं, इसका तो पता नही; परन्तु, हाँ, ज्ञान के न्यूनाधिकत्व के अनुसार किसी में अल्पज्ञता और किसी में बहुज्ञता ज़रूर ही पाई जाती है।