१—भेड़ियों की माँद में पली हुई लड़कियाँ
लेखाञ्जलि
—————————
१-भेड़ियोंकी माँदमें पली हुई लड़कियाँ।
कोई सौ सवा सौ वर्ष पहले इस देशके प्रायः प्रत्येक प्रान्तमें जङ्गली हिंस्र जीवों का बड़ा आधिक्य था। भेड़िये, रीछ, लकड़बग्घे आदि की तो बात ही नहीं; शेर, बाघ और हाथीतक घने जङ्गलों में घूमा करते थे, और कभी-कभी वस्तियों के भीतरतक आकर उत्पात मचाते थे। पर अब यह बात नहीं। अब तो शेर, बाघ और हाथी उन्हीं जगहोंमें कुछ रह गये हैं जहाँ घोर जंगल हैं और दूर-दृरतक फैले हुए हैं। इनकी संख्या भी बहुत ही कम रह गई है। भय है कि यदि इन जीवोंका नाश इसी गति से होता गया, जिस गतिसे कि इस समय हो रहा है, तो शायद किसी दिन इनका समूल ही क्षय हो जायगा। भेड़ियों, रीछों तथा अन्य छोटे-छोटे हिंस्र जानवरों के विषय में यह बात चरितार्थ नहीं। कारण यह है कि एक तो उनकी संख्या अधिक है, दूसरे वे छोटे-छोटे जंगलों, नदी-नालों के कछारों तथा और भी कुछ जगहोंमें रह सकते हैं। और, देहातियों के पास बन्दूकें न होनेसे उनका नाश भी बहुत ही कम होता है। तथापि वे भी कम ही होते चले जा रहे हैं, क्योंकि सरकार ने उनको मारनेवालों के लिए इनाम मुकर्रर कर दिये हैं।
जिस समय रेल और तारका अस्तित्व न था तथा सड़कें भी कम थीं उस समय रीछ और भेड़िये प्रायः सभी कहीं बहुत अधिक संख्यामें पाये जाते थे। रीछ तो उतने न थे, पर भेड़िये बहुत अधिक थे। वे कुत्तों, बकरियों, भेड़ों और गाय-भैंसों के बदोंपर दिन-दहाड़े छापा मारते और उन्हें उठा ले जाते थे। यहांतक कि देहात में यदा कदा वे छोटे-छोटे लड़कों और लड़कियों को भी उठा ले जाते और उन्हें मार खाते थे।