१-सचाई की जड़
अर्थ-शास्त्र कोई शास्त्र नहीं है। जब-जब हड़तालें होती हैं तब-तब हम प्रत्यक्ष देखते हैं कि वह बेकार है। उस वक्त मालिक कुछ और सोचते हैं और नौकर कुछ और। उस समय हम लेन-देन का एक भी नियम लागू नहीं कर सकते। लोग यह दिखाने के लिए खूब सिरपच्ची करते हैं कि नौकर और मालिक दोनों का स्वार्थ एक ही ओर होता है; परन्तु इस विषय में वह कुछ समझते। सच तो यह है कि एक-दूसरे का सांसारिक स्वार्थ एक न होने पर भी एक-दूसरे का विरोधी होना या विरोधी बने रहना जरूरी नहीं है। एक घर में रोटी के लाले पड़े हैं। घर में माता और उसके बच्चे हैं। दोनों को भूख लगी है। खाने में दोनों के—माता और बच्चे के—स्वार्थ परस्पर विरोधी हैं। माता खाती है तो बच्चे भूखों मरते हैं और बच्चे खाते हैं तो माँ भूखी रह जाती है। फिर भी माता और बच्चों में कोई विरोध नहीं है। माता अधिक बलवती है तो इस कारण वह रोटी के टुकड़े को ख़ुद नहीं खा डालती। ठीक यही बात मनुष्य के परस्पर के सम्बन्ध के विषय में भी समझनी चाहिए।