१ सीता
आजकल जिस स्थान का नाम तिरहुत (तीरभुक्ति) है वह, पहले समय में, मिथिला या विदेह नाम से पुकारा जाता था। वहाँ सीरध्वज और कुशध्वज नाम के दो राजकुमारों ने जन्म लिया। जेठे भाई सीरध्वज राजसिंहासन पर बैठकर, पुत्र की भाँति, प्रजा का पालन करने लगे। राज-पाट के साथ-साथ उनके चरित्र और हृदय की उन्नति भी खूब हुई थी। अधिक धर्म-विश्वास और हृदय की उन्नति से वे राजा होकर भी ऋषियों की बराबरी के हो गये थे। उनके प्रेम-पूर्ण हृदय की ममता पाकर प्रजा खूब प्रसन्न रहती थी। राजा सीरध्वज प्रजा के पिता-समान थे। इससे वे "जनक" के साथ राजर्षि की पदवी पाकर 'राजर्षि जनक'* कहलाते थे।
राज-काज में लगे रहने पर भी जनक धर्मशास्त्र की चर्चा करते थे। उनका दरबार केवल विचार-कार्य और प्रजा की नालिश-फ़र्याद फैसला करने में ही अपने कर्तव्य की समाप्ति नहीं समझता था। राजा जनक की धर्म-पिपासा मिटाने के लिए बहुतसे शास्त्र-ज्ञानी ऋषि सभासदरूप से राज-दरबार की शोभा बढ़ाते थे। उनका दरबार एक ओर विचारालय और दूसरी ओर धर्म-मन्दिर के समान समझा जाता था। उस दरबार में बहुतसे ऋषि-मुनि आकर राजा जनक के साथ धर्म-चर्चा और ब्रह्म-मीमांसा करने में पवित्र आनन्द का अनुभव करते थे।
सीता राजर्षि जनक को लड़की थी। एक बार राजर्षि जनक ने कुरुक्षेत्र में आकर कुरु-जांगल में एक यज्ञ का अनुष्ठान किया। पहले, राजा लोग यज्ञ-भूमि को हल से इस कारण जोतते थे कि यज्ञानल में पृथ्वी के भीतर के दूषित पदार्थ आदि जलकर यज्ञाग्नि की पवित्रता को कहीं नष्ट न कर दें। इसलिए राजा जनक सोने के हल से वहाँ की ज़मीन जोतने लगे।