Doomreader

रंगभूमि

लेखक: प्रेमचंद

दूसरे नाम Rangbhoomi

लंबाई: 2,34,975 शब्द, लगभग 940 पन्ने, पढ़ने में लगभग 16 घंटे

उपन्यास

रंगभूमि मुफ़्त पढ़ें, नीचे दिए इसके सबसे अच्छे पन्नों और पंक्तियों से शुरू करके। इसे मुफ़्त सुन भी सकते हैं, आपके फ़ोन की अपनी आवाज़ में।

यह किस बारे में है

अंधा भिखारी सूरदास अपनी ज़मीन पर कारखाना लगाए जाने के ख़िलाफ़ अकेला अड़ जाता है। प्रेमचंद का उपन्यास (1925)।

सबसे अच्छे अंश

किताब के अपने पन्ने, इस तरह चुने गए कि आगे पढ़ने का मन करे। हर अंश रीडर में ठीक उसी जगह खुलता है।

अध्याय १

शहर अमीरों के रहने और क्रय-विक्रय का स्थान है। उसके बाहर की भूमि उनके मनोरञ्जन और विनोद की जगह है। उसके मध्य भाग में उनके लड़कों की पाठशालाएँ और उनके मुकद्दमेबाजी के अखाड़े होते हैं, जहाँ न्याय के बहाने गरीबों का गला घोंटा जाता है। शहर के आस-पास गरीबों की बस्तियाँ होती हैं। बनारस में पाँड़ेपुर ऐसी ही बस्ती है। वहाँ न शहरी दीपकों की ज्योति पहुँचती है, न शहरी छिड़काव के छींटे, न शहरी जल-स्रोतों का प्रवाह। सड़क के किनारे छोटे-छोटे बनियों और हलवाइयों की दुकानें हैं, और उनके पीछे कई इक्केवाले, गाड़ीवान, ग्वाले और मजदूर रहते हैं। दो-चार घर बिगड़े सफेदपोशों के भी हैं, जिन्हें उनकी हीनावस्था ने शहर से निर्वासित कर दिया है। इन्हीं में एक गरीब और अन्धा चमार रहता है, जिसे लोग सूरदास कहते हैं। भारतवर्ष में अंधे आदमियों के लिए न नाम की ज़रूरत होती है, न काम की। सूरदास उनका बना-बनाया नाम है, और भीख माँगना बना-बनाया काम। उनके गुण और स्वभाव भी जगत्-प्रसिद्ध हैं——गाने-बजाने में विशेष रुचि, हृदय में विशेष अनुराग, अध्यात्म और भक्ति में विशेष प्रेम उनके स्वाभाविक लक्षण हैं। बाह्य दृष्टि बंद और अंतर्दृष्टि खुली हुई।

सूरदास एक बहुत ही क्षीण-काय, दुर्बल और सरल व्यक्ति था। उसे दैव ने कदाचित्, भीख माँगने ही के लिए बनाया था। वह नित्यप्रति लाठी टेकता हुआ पक्की सड़क पर आ बैठता, और राहगीरों की जान की खैर मनाता। "दाता, भगवान् तुम्हारा कल्यान करें——" यही उसकी टेक थी, और इसी को वह बार-बार दुहराता था। कदाचित् वह इसे लोगों की दया-प्रेरणा का मंत्र समझता था। पैदल चलनेवालों को यह अपनी जगह पर बैठे-बैठे दुआएँ देता था। लेकिन जब कोई इक्का आ निकलता, तो वह उसके पीछे दौड़ने लगता, और बग्घियों के साथ तो उसके पैरों में पर लग जाते थे। किंतु हवा-गाड़ियों को वह अपनी शुभेच्छाओं से परे समझता था।

यहाँ से आगे पढ़ें

अध्याय १

कार्त्तिक का महीना था। वायु में सुखद शीतलता आ गई थी। संध्या हो चुकी थी। सूरदास अपनी जगह पर मूर्तिवत् बैठा हुआ किसी इक्के या बग्घी के आशाप्रद शब्द पर कान लगाये था। सड़क के दोनों ओर पेड़ लगे हुए थे। गाड़ीवानों ने उनके नीचे गाड़ियाँ ढील दीं। उनके पछाई बैल टाट के टुकड़ों पर खली और भूसा खाने लगे। गाड़ीवानों ने भी उपले जला दिये। कोई चादर पर आटा गूँधता था, कोई गोल-गोल बाटियाँ बनाकर उपलों पर सेंकता था। किसी को बरतनों की जरूरत न थी। सालन के लिए धुएँ का भुरता काफी था। और, इस दरिद्रता पर भी उन्हें कुछ चिंता नहीं थी, बैठे बाटियाँ सेंकते और गाते थे। बैलों के गले में बँधी हुई घंटियाँ मजीरों का काम दे रही थीं। गनेस गाड़ीवान ने सूरदास से पूछा——"क्यों भगत, ब्याह करोगे?"

सूरदास ने गरदन हिलाकर कहा——"कहीं है डौल?"

गनेस——"हाँ, है क्यों नहीं। एक गाँव में एक सुरिया है, तुम्हारी ही जाति-बिरादरी की है, कहो तो बातचीत पक्की करूँ। तुम्हारी बरात में दो दिन मजे से बाटियाँ लगें।"

सूरदास——"कोई ऐसी जगह बताते, जहाँ धन मिले, और इस भिखमंगी से पीछा छूटे। अभी अपने ही पेट की चिंता है, तब एक अंधी की और चिंता हो जायगी। ऐसी बेड़ी पैर में नहीं डालता। बेड़ी ही है, तो सोने की तो हो।"

गनेस——"लाख रुपये की मेहरिया न पा जाओगे, रात को तुम्हारे पैर दबायेगी, सिर में तेल डालेगी, तो एक बार फिर जवान हो जाओगे। ये हड्डियाँ न दिखाई देंगी।"

सूरदास——"तो रोटियों का सहारा भी जाता रहेगा। ये हड्डियाँ देखकर ही तो लोगों को दया आती है। मोटे आदमियों को भीख कौन देता है? उलटे और ताने मिलते हैं।"

गनेस——"अजी नहीं, वह तुम्हारी सेवा भी करेगी, और तुम्हें भोजन भी देगी। बेचन साह के यहाँ तेलहन झाड़ेगी, तो चार आने रोज पायेगी।"

सूरदास——"तब तो और भी दुर्गति होगी। घरवाली की कमाई खाकर किसी को मुँह दिखाने लायक भी न रहूँगा।"

यहाँ से आगे पढ़ें

अध्याय १

जॉन सेवक-(आश्चर्य से) "तुमने इतनी जमीन यों ही चराई के लिए छोड़ रखी है? सोफिया सत्य कहती थी कि तुम त्याग की मूर्ति हो। मैंने बड़ों-बड़ों में इतना त्याग नहीं देखा। तुम धन्य हो! लेकिन जब पशुओं पर इतनी दया करते हो, तो मनुष्यों को कैसे निराश करोगे? मैं यह जमीन लिए बिना तुम्हारा गला न छोड़ेंगा।"

सूरदास-"सरकार, यह जमीन मेरी है जरूर, लेकिन जब तक मुहल्लेवालों से पूछ न लूँ, कुछ कह नहीं सकता। आप इसे लेकर क्या करेंगे?"

जॉन सेवक--"यहाँ एक कारखाना खोलूँगा, जिससे देश और जाति की उन्नति होगी, गरीबों का उपकार होगा, हजारों आदमियों को रोटियाँ चलेंगी। इसका यश भी तुम्ही को होगा।"

सूरदास-"हुजूर, मुहल्लेवालों से पूछे बिना मैं कुछ नहीं कह सकता।"

जॉन सेवक-"अच्छी बात है, पूछ लो। मैं फिर तुमसे मिलूँगा। इतना समझ रखो कि मेरे साथ सौदा करने में तुम्हें घाटा न रहेगा। तुम जिस तरह से खुश होगे, उसी तरह खुश करूँगा। यह लो (जेब से पाँच रुपये निकालकर), मैंने तुम्हें मामूली भिखारी समझ लिया था, उस अपमान को क्षमा करो।"

सूरदास—"हुजूर, मैं रुपये लेकर क्या करूँगा? धर्म के नाते दो-चार पैसे दे दीजिए, तो आपका कल्यान मनाऊँगा। और किसी नाते से मैं रुपये न लूँगा।"

जॉन सेवक—"तुम्हें दो-चार पैसे क्या दूँ? इसे ले लो, धर्मार्थ ही समझो।"

सूरदास—"नहीं साहब, धर्म में आपका स्वार्थ मिल गया है, अब यह धर्म नहीं रहा।"

जॉन सेवक ने बहुत आग्रह किया, किंतु सूरदास ने रुपये नहीं लिये। तब वह हारकर गाड़ी पर जा बैठे।

यहाँ से आगे पढ़ें

अध्याय २

[२]

सूरदास लाठी टेकता हुआ धीरे-धीरे घर चला। रास्ते में चलते-चलते सोचने लगा- "यह है बड़े आदमियों की स्वार्थपरता! पहले कैसे हेकड़ी दिखाते थे, मुझे कुत्ते से भी नीचा समझा; लेकिन ज्यों ही मालूम हुआ कि जमीन मेरी है, कैसी लल्लो-चप्पो करने लगे। इन्हें मैं अपनी जमीन दिये देता हूँ!५) दिखाते थे, मानों मैंने रुपये देखे ही नहीं। पाँच तो क्या, पाँच सौ भी दें, तो भी जमीन न दूँगा। मुहल्लेवालों को कौन मुँह दिखाऊँगा। इनके कारखाने के लिए बेचारी गउएँ मारी-मारी फिरें! ईसाइयों को तनिक भी दया-धर्म का विचार नहीं होता। बस, सबको ईसाई ही बनाते फिरते हैं। कुछ नहीं देना था, तो पहले ही दुत्कार देते। मील-भर दौड़ाकर कह दिया, चल हट। इन सबों में मालूम होता है, उसी लड़की का स्वभाव अच्छा है। उसी में दया धर्म है। बुढ़िया तो पूरी करकसा है, सीधे मुँह बात ही नहीं करती। इतना घमंड! जैसे यही विक्टोरिया हैं। राम-राम, थक गया। अभी तक दम फूल रहा है। ऐसा आज तक कभी न हुआ था कि इतना दौड़ाकर किसी ने कोरा जवाब दे दिया हो। भगवान् की यही इच्छा होगी। मन, इतने दुखी न हो। माँगना तुम्हारा काम है, देना दूसरों का काम है। अपना धन है, कोई नहीं देता, तो तुम्हें बुरा क्यों लगता है? लोगों से कह दूँ कि साहब जमीन माँगते थे? नहीं, सब घबरा जायँगे। मैंने जवाब तो दे ही दिया, अब दूसरों से कहने का परोजन ही क्या?”

यह सोचता हुआ वह अपने द्वार पर आया। बहुत ही सामान्य झोपड़ी थी। द्वार पर एक नीम का वृक्ष था। किवाड़ों की जगह बाँस की टहनियों की एक टट्टी लगी हुई थी। टट्टी हटाई। कमर से पैसों की छोटी-सी पोटली निकाली, जो आज दिन-भर की कमाई थी। तब झोपड़ी की छान से टटोलकर एक थैली निकाली, जो उसके जीवन का सर्वस्व थी। उसमें पैसों की पोटली बहुत धीरे से रखी कि किसी के कानों में भनक भी न पड़े।

यहाँ से आगे पढ़ें

अध्याय ११

सूरदास कहाँ तो नैराश्य, ग्लानि, चिंता और क्षोभ के अपार जल में गोते खा रहा था, कहाँ यह चेतावनी सुनते ही उसे ऐसा मालूम हुआ, किसी ने उसका हाथ पकड़कर किनारे पर खड़ा कर दिया। “वाह! मैं तो खेल में रोता हूँ। कितनी बुरो बात है। लड़के भी खेल में रोना बुरा समझते हैं, रोनेवाले को चिढ़ाते हैं, और मैं खेल में रोता हूँ। सच्चे खिलाड़ी कमी रोते नहीं, बाजी-पर-बाजी हारते हैं, चोट-पर-चोट खाते हैं, धक्के-पर-धक्के सहते हैं, पर मैदान में डटे रहते हैं, उनकी त्योरियों पर बल नहीं पड़ते। हिमत उनका साथ नहीं छोड़ती, दिल पर मालिन्य के छीटे भी नहीं आते, न किप्ती से जरते हैं, न चिढ़ते हैं। खेल में रोना कैसा। खेल हँसने के लिए, दिल बहलाने के लिए है, रोने के लिए नहीं।"

सूरदास उठ खड़ा हुआ, और विजय-गर्व की तरंग में राख के ढेर को दोनों हाथों से उड़ाने लगा। आवेग में हम उद्दिष्ट स्थान से आगे निकल जाते हैं। वह संयम कहाँ है, जो शत्रु पर विजय पाने के बाद तलवार को म्यान में कर ले।

एक क्षण में मिटुआ, घीसू और मुहल्ले के बीसों लड़के आकर इस भस्म स्तूप के चारों और जमा हो गये और मारे प्रश्नों के सूरदास को परेशान कर दिया। उसे राख फेंकते देखकर सबों को खेल हाथ आया। राख की वर्षा होने लगी। दम-के-दम में सारी राख पिखर गई, भूमि पर केवल काला निशान रह गया।

मिठुआ ने पूछा—"दादा, अब हम रहेंगे कहाँ?"

सूरदास—"दूसरा घर बनायेंगे।"

मिठुआ—"और कोई फिर आग लगा दे?” सूरदास—"तो फिर बनायेंगे।"

मिठुआ--"और फिर लगा दे?

सूरदास—"तो हम भी फिर बनायेंगे।"

मिठुआ--"और जो कोई हजार बार लगा दे?"

सूरदास—"तो हम हजार बार बनायेंगे।"

यहाँ से आगे पढ़ें

10 सबसे अच्छी पंक्तियाँ

शहर अमीरों के रहने और क्रय-विक्रय का स्थान है।

अध्याय १यहाँ से आगे पढ़ें

धर्म का मुख्य स्तंभ भय है।

अध्याय ४यहाँ से आगे पढ़ें

ईर्ष्या में तम-ही-तम नहीं होता, कुछ सत् भी होता है।

अध्याय ११यहाँ से आगे पढ़ें

आग आग से शान्त नहीं होती, पानी से शान्त होती है।

अध्याय १६यहाँ से आगे पढ़ें

"शीतल विचार कायरता का दूसरा नाम है।"

अध्याय २५यहाँ से आगे पढ़ें

कुतूहल का परिष्कृत रूप ही आदर है।

अध्याय ३१यहाँ से आगे पढ़ें

आधिपत्य त्याग करने की वस्तु नहीं है।

अध्याय ३५यहाँ से आगे पढ़ें

जहाँ जन्म लिया है, वहीं मरूँगा। अपना झोपड़ा जीते जी न छोड़ा जायगा।

अध्याय ४२यहाँ से आगे पढ़ें

आत्मबल पशुबल का प्रतिकार न कर सका।

अध्याय ४३यहाँ से आगे पढ़ें

घर की याद भूलते-भूलते ही भूलती है।

अध्याय ४५यहाँ से आगे पढ़ें

रंगभूमि की सभी 169 पंक्तियाँ, आस-पास के शब्दों के साथ

समीक्षाएँ

अभी कोई समीक्षा नहीं। ऐप में सबसे पहले लिखें।

Doomreader में समीक्षा लिखें

विषय-सूची

सभी 50 भाग
  1. अध्याय १
  2. अध्याय २
  3. अध्याय ३
  4. अध्याय ४
  5. अध्याय ५
  6. अध्याय ६
  7. अध्याय ७
  8. अध्याय ८
  9. अध्याय ९
  10. अध्याय १०
  11. अध्याय ११
  12. अध्याय १२
  13. अध्याय १३
  14. अध्याय १४
  15. अध्याय १५
  16. अध्याय १६
  17. अध्याय १७
  18. अध्याय १८
  19. अध्याय १९
  20. अध्याय २०
  21. अध्याय २१
  22. अध्याय २२
  23. अध्याय २३
  24. अध्याय २४
  25. अध्याय २५
  26. अध्याय २६
  27. अध्याय २७
  28. अध्याय २८
  29. अध्याय २९
  30. अध्याय ३०
  31. अध्याय ३१
  32. अध्याय ३२
  33. अध्याय ३३
  34. अध्याय ३४
  35. अध्याय ३५
  36. अध्याय ३६
  37. अध्याय ३७
  38. अध्याय ३८
  39. अध्याय ३९
  40. अध्याय ४०
  41. अध्याय ४१
  42. अध्याय ४२
  43. अध्याय ४३
  44. अध्याय ४४
  45. अध्याय ४५
  46. अध्याय ४६
  47. अध्याय ४७
  48. अध्याय ४८
  49. अध्याय ४९
  50. अध्याय ५०

रंगभूमि मुफ़्त सुनें

रंगभूमि मुफ़्त ऑडियोबुक की तरह: Doomreader कोई भी किताब आपके फ़ोन या कंप्यूटर की अपनी आवाज़ में मुफ़्त पढ़कर सुनाता है। किताब खोलें और सुनें पर टैप करें, अपनी पसंद की रफ़्तार में।

ज़्यादा असली आवाज़ चाहिए? AI आवाज़ें AI क्रेडिट से पढ़ती हैं।

Doomreader में मुफ़्त सुनें

रंगभूमि मुफ़्त डाउनलोड करें

पूरी किताब EPUB फ़ाइल में, मुफ़्त और क़ानूनी, Wikisource से। यह किसी भी ईबुक ऐप में खुलती है, या बिना कुछ इंस्टॉल किए यहीं Doomreader में पढ़ें। यह PDF नहीं है: EPUB आपके फ़ोन की स्क्रीन के हिसाब से ढल जाती है।

EPUB डाउनलोड करें (0.7 MB)

प्रेमचंद की और रचनाएँ

रंगभूमि जैसी और किताबें

इस संस्करण के बारे में

पाठ: Wikisource. पब्लिक डोमेन (हर किताब का अपना नोट विकिस्रोत पर है)। विकिस्रोत के लिप्यंतरण CC BY-SA 4.0 के तहत हैं। इस पेज का हर अंश और हर पंक्ति किताब के अपने शब्द हैं, पाठ से मिलाकर जाँचे हुए।