समारोह
समारोह
आजकल जहाँ भागलपुर नगर बसा है, वहाँ ईसा की बारहवीं शताब्दी में विक्रमशिला नाम का समृद्ध नगर था। नगर के साथ ही वहाँ विश्वविश्रुत बौद्ध विद्यापीठ था। विक्रमशिला के नगरसेठ धनंजय का हिमधौत धवल महालय आज विविध रंग की पताकाओं, बन्दनवारों और मांगलिक चिह्नों से सजाया जा रहा था। सिंहद्वार का तोरण फूलों से बनाया गया था। बड़े-बड़े हाथियों-घोड़ों-रथों-पालकियों पर और दूसरे वाहनों पर नगर के धनी-मानी नर-नारी, सेठ-साहूकार और राजवर्गीय पुरुष आज धनंजय सेट्ठि के महालय में आ रहे थे। रंगीन कुत्तक और जड़ाऊ उष्णीष पहिने विनयधर और दण्डधर सोने-चाँदी के दण्ड हाथों में लिए दौड़-दौड़कर समागत अतिथियों की अभ्यर्थना कर रहते थे। दास-दासी, द्वारपाल सब अपनी-अपनी व्यवस्था में व्यस्त रहे थे। महालय का वातावरण अतिथियों और उनके वाहनों की धूमधाम और कोलाहल से मुखरित हो रहा था।
नगर सेट्ठि धनंजय की आयु साठ को पार कर गई थी। उनका शरीर स्थूल और रंग मोती के समान उज्ज्वल था। उनके स्निग्ध मुखमण्डल पर सफेद मूंछों का गलमुच्छा उनकी गम्भीरता का प्रदर्शन कर रहा था। वह शुभ्र परिधान पहिने, कण्ठ में रत्नहार धारण किए, मस्तक पर बहुमूल्य उष्णीष पहिने समागत अतिथियों का स्वागत कर रहे थे। उनके होंठ अवश्य मुस्करा रहे थे, पर उनका हृदय रो रहा था। उनका मुख भरे हुए बादलों के समान गम्भीर और नेत्र आर्द्र थे। आज उनका इकलौता पुत्र प्रव्रज्या लेकर भिक्षुवृत्ति ग्रहण कर रहा था। यह असाधारण समारोह इसी के उपलक्ष्य में था।