३८. स्वामी प्रेमानन्दजी महाराज
राजा हैं ब्राह्मण, मैं
ब्राह्मण-विद्वेष की कथा उनसे कहूँगा,
उन्हीं के साथ यह श्रेष्ठ राजकर्मचारी
बैठकर जेयेंगे—
देखेंगे हमलोग।"
कहकर वह उठने लगे।
एक दूसरे ने कहा,
"रसगुल्ले आ रहे हैं,
अभी कहाँ जाते हैं?
कटु हुई है जिह्वा, मीठी कर लीजिए।" वह पश्चिमीय भी बैठा था चुपचाप।
उठने को काँप कर बैठे रहे द्विजदेव।
भोजन अधूरा ही छोड़कर स्वामी जी
उठ कर खड़े हुए।
बढ़ते हुए कहा यह, “होगा हमारा भी कोई
अपना समझदार, समझायेगा वही
ऐसे विद्वानों को।"
द्विज भी खड़े हुए,
पश्चिमीय की तरफ उँगली उठाई, कहा,
"ऐसा भी आदमी पंक्ति में बैठाला गया
जिसके माँ-बाप का पता आज तक न लगा,
घोर कलिकाल है!"
स्वामी जी ने कहा,
"ऐसे कलिकाल में
रामकृष्ण आये हैं, स्वामी श्री विवेकानन्द
ऐसे ही जनों के परमबन्धु हो गये। पता उन्हीं का रहा, कुछ पता नहीं था जिनका,
म्लेच्छ और दुराचारी जो लोग कहलाते रहे।"
राजकर्मचारी ने
हाथ जोड़कर कहा,
"आपके बैठे बिना
लोग उठ जायँगे,
यज्ञ अधूरा होगा।" स्वामी जी ने कहा, "इसी युवक को पहले
लाकर परोसो अन्न-मिष्टान्न जो कुछ हो
भोजन-समाप्ति का,
यहीं से प्रारम्भ इस भोजन का होता है,
पायेंगे प्रसाद सभी।"
मेघमन्द्र कण्ठ से स्तम्भित सब हो गये।
बैठ गये स्वामी जी।
मिष्टान्न लाया गया,
पहले परोसा गया युवक को विनय से। दबे हुए चुपचाप
समय के प्रभाव से
आमन्त्रित बैठे रहे,
मिष्टान्न खाया स्वाद साधुता का लेते हुए।
खुल गये प्राण सब,
गगन में जैसे तारे
चमके आमन्त्रित जन।
साधुभोज पूर्ण हुआ।
प्रातःकाल सभा हुई। स्थानीय जन समवेत हुए प्रेम से
रामकृष्ण और श्रीविवेकानन्द की बातें
स्वामी प्रेमानन्दजी के मुख से सुनने के लिए।
राजकर्मचारीजी सबसे विद्वान थे—
आदरणीय, राज्य के प्रधानामात्य-पद पर;
उन्हीं ने सभापति का आसन सुशोभित किया।
बग़ल में श्रीस्वामीजी की कुरसी रक्खी गई।