भाग 1
शीत स्पर्श जिस द्रव्य में है वही जल है [सूत्र २.२.५]। जल के गुण [सूत्र २.१.२ में] रूप रस स्पर्श द्रवत्व और स्नेह कहे हैं। पर भाष्य में उन के अतिरिक्त संख्या, परिमाण, पृथक्त्व, संयोग, विभाग, परत्व, अपरत्व, गुरुत्व, संस्कार भी कहे हैं (पृ॰ ३५)। जल का रूप शुक्ल है। जब जल में दूसरा रंग देख पड़ता है तब वह रंग जल में मिली हुई किसी दूसरी चीज का है। जैसे लाल स्याही में से अगर लाल बुकंनी अलग कर दी जाय तो खाली पानी का रंग सफेद रह जायगा। जल का रस मीठा है। छः तरह के रस होते हैं। कड़ुआ, तीता, मीठा, खट्टा, लवण, कषाय। इन में से मीठा छोड़ कर और कोई भी रस पानी में नहीं पाया जाता। वैसे तो मीठापन भी साफ साफ नहीं मालूम होता, पर जब हर्रे या आँवला खाकर पानी पीया जाता है तो मीठापन साफ मालूम होता है। स्पर्श इस का शीत है। जब तक बाहर से गरमी न लगाई जाय तब तक पानी ठंढा ही मालूम होता है। स्वाभाविक द्रवत्व–अर्थात् बिना बाहर से गरमी लगाये हुये भी बहना–यह गुण केवल जल ही में है। और जितनी चीजें हैं वे गल कर तभी बह सकती हैं जब गरमी लगाई जाय। जल में ऐसा नहीं है, वह स्वयं बहता ही रहता है। स्नेह–चिकनाहट–भी जल ही का गुण है, बगैर जल के चिकनाहट नहीं होती।