दृश्य १
जुलाई मास का सवेरा, जेम्स और वाल्टर हो के मैनेजिंग-क्लर्क का कमरा है। कमरा पुराने ढंग का, महोगनी की पुरानी कुरसी और मेज़ों से सजा हुआ है, जिन पर चमड़ा लगा हुआ है। टीन के बक्स और इलाकों के नक्शे क़तारों में सजे हैं। कमरे में तीन दरवाज़े हैं, जिनमें दो दरवाजे बीच दीवार में पास-पास हैं। दरवाजों में एक बाहर के दफ़्तर में जाने का है लकड़ी और काँच के परदे की दीवार से मैनेजर का कमरा उस बाहरी कमरे से अलग कर दिया गया है। बाहरी कमरे में जाने का दरवाज़ा खोलने पर एक चौड़ा दरवाज़ा और दिखाई देता है जहाँ से नीचे उतरने की सीड़ियाँ हैं। बीच के दो दरवाज़ों में दूसरा दरवाज़ा छोटे क्लर्क के कमरे में जाता है। तीसरा दरवाज़ा मालिकों के कमरे में जाने का है। मैनेजिंग कुर्क कोकसन बैठे हुए मेज पर रखी हुई पासबुक के अंकों को जोड़ रहे हैं, और अपने ही आप अंकों को दुहराते भी जाते हैं। उनकी उम्र साठ वर्ष की है। चश्मा लगाये हैं। कद के ठिंगने हैं, सिर गंजा है। ठुड्डी कुछ आगे को उठी हुई है, जिससे नीयत की सफ़ाई झलक रही है। एक पुराना काला कोट और धारीदार एतलून पहने हुए हैं।
कोकसन
और पाँच बारह, और तीन---पन्द्रह, उन्नीस, तेईस, बत्तीस, इकतालीस, हासिल आए चार।
[ पृष्ठ पर एक निशान लगाकर उसी प्रकार उच्चारण करता जाता है ]
पाँच, सात, बारह, सत्रह, चौबीस और नौ तेतीस, तेरह हासिल आया एक।
[ फिर निशान लगाता है। बाहर के कमरे का दरवाज़ा खुलता है, और ऑफ़िस का अर्दली स्वीडिल दरवाज़े को बन्द करता हुआ भीतर आता है। उसकी अवस्था १६ साल की है। उसके चेहरा का रंग पीला और बाल खड़े हैं। ] [ झुँझलाकर ऐसी दृष्टि से देखता हुआ मानो कह रहा हो कि तुम क्या करने आए हो? ]
और हासिल आया एक।