अध्याय १
स्त्रियों की पराधीनता।
पहला अध्याय।
________
१––मै अपने छुटपन से,––उस समय से जब से कि मैं प्रत्येक सामाजिक और राजनैतिक विचार अपनी कसौटी पर पजोखने लगा, एक महत्त्वपूर्ण विषय जिस पर मैंने भली भाँति विचार कर लिया है––जिस पर मेरा निश्चय हढ़ हो चुका है, उस ही अपने निश्चय या सिद्धान्त को साफ तौर से खोल कर कहना इस निबन्ध का उद्देश है––अपने सिद्धान्त का प्रतिपादन करना हो इसका मकसद है। मेरा यह सिद्धान्त,––मेरी यह धारणा समय के लम्बे प्रवाह में पड़ कर जैसे शिथिल नहीं हुई वैसे ही किसी प्रकार का लोट-फेर भी नहीं हुआ, यानी शुरू से आखिर तक इस विषय में मेरा मत नहीं बदला। हाँ, यह अवश्य हुआ कि मेरा सांसारिक अनुभव जैसे जैसे बढ़ता गया और मानसिक सम्पत्ति की जैसे जैसे वृद्धि होती गई-वैसे ही वैसे इस विचार में अधिकाधिक दृढ़ता आती गई-ज्यों ज्यों समय बीता त्यों त्यों यह विचार पक्का जान पड़ा। मैं जिस विषय का प्रतिदान करने चला हूँ, वह हमारी दृष्टि में इस प्रकार आता है कि, समाज में स्त्री पुरुषों के लिए जो एक दृढ़ नियम बना है, उसके अनुसार समाज का एक समुदाय (स्त्री-समाज) दूसरे समुदाय (पुरुष-समाज) के आधीन है। यानी हम में जो सामाजिक नियम दृढ़ता के साथ प्रचलित है उन सब में यह पहला है कि स्त्रियाँ पुरुषों के आधीन रहें। किन्तु, यह नियम, यह कायदा-मेरी समझ के अनुसार ग़लत है। संसार में उन्नति के बाधक जो थोड़े से कारण हैं उन सब में इसका पहला नम्बर है। इस अत्याचारी नियम का हमें त्याग करना चाहिए, और इसके स्थान पर 'समानता' की प्रतिष्ठा करनी चाहिए; क्योंकि संसार में स्त्री और पुरुष के हक़ बराबर हैं-यानी किसी के अधिकार कुछ कम और किसी के कुछ अधिक है ही नहीं।