अध्याय १
१
***
वैसे तो सैय्यद पर जुक़ाम का हमला होता ही रहता था। कई बार मोहम्मद गौरी की तरह दुम दबा कर भागने पर भी एक दिन अनोखे ढंग से हमला किया, तो उसने सोचा—मुझे प्यार क्यों नहीं होता? सैय्यद के जितने भी मित्र थे, सब के सब प्यार कर चुके थे। इनमें से कुछ तो अभी तक फँसे हुए थे; परन्तु जिस ढंग से वह प्यार को अपने पास देखना चाहता था, ठीक उसके विपरीत, उसको दूर, बहुत दूर पाता; किन्तु उसको अभी तक किसी से प्यार नहीं हुआ था। जब भी सूनेपन में बैठकर सोचता कि वास्तव में उसका हृदय प्यार से खाली है, तो उसे लज्जा का अनुभव होता और हृदय विदीर्ण हो उठता।
जीवन के बीस वर्ष, जिनमें अधिकतर बचपन की धुँधली रेखाएँ छिपी हुई थीं। कभी-कभी उसके सामने मृतक शरीर के समान ऐंठ जाती। वह सोचता—मेरा जीवन ही निष्प्राण है। प्यार के बिना मनुष्य का जीवन कैसे सफल हो सकता है?
सैय्यद को विश्वास था कि उसका हृदय सरस और इस योग्य है, कि प्यार उसमें निवास करे; परन्तु वह सुन्दर यौवन किस काम का, जिसमें रहने वाला कोई भी न हो; किन्तु उसका हृदय प्यार करने के योग्य है। इसी कारण उसको बहुत दुःख होता कि उसकी धड़कनें व्यर्थ में क्षीण होती जा रही हैं।
उसने लोगों से सुना था कि जीवन में प्यार का अवसर एक बार अवश्य आता है। उसे भी इस बात का कुछ-कुछ ज्ञान था कि मौत की तरह प्यार एक बार अवश्य आयेगा, परन्तु कब...?