२––प्राचीन समय में भारतवर्ष की दशा
१—हज़ारों बरस पहिले भारतवर्ष जङ्गली देश था। सारे देश में बड़े बड़े बन खड़े थे जिनमें जङ्गली जीवजन्तु फिरा करते थे। पेड़ों की घनी छांह में अजगर लोटते थे न कहीं शहर थे, न गांव, न घर, न सड़कें।
२—कहीं कहीं थोड़े से बनमानुस रीछों की तरह खोहों में या बन्दरों की तरह पेड़ों पर रहा करते थे। इनका डील छोटा, रंग काला, चेहरा मोहरा भोंडा था; नंगे और मैले रहते और बन के फल फूल बेर और कन्दमूल खाते थे; कभी कभी बनैले सुअर और हिरन भी मारकर खा जाते थे। इनके पास चाकू छुरे न थे। काटने का काम चकमक पत्थर के पैने टुकड़ों से लिया करते थे। इससे हम इन लोगों को पत्थर के समय के आदमी कहते हैं। यह लोग लकड़ियों को रगड़ कर आग बनाना भी जानते थे।
३—इन लोगों की यह दशा बहुत दिनों तक रही। पीछे धीरे धीरे इन्हों ने कुछ उन्नति की और बनों में रहने के लिये छोटी छोटी झोपड़ियां बनाई; पत्तों या पशुओं की खाल से अपना तन ढांकने लगे; फिर तीर कमान और भाले बना लिये जिन से हिरन मार लिया करते थे। इनके खाने पीने की वस्तु भी अच्छी हो गई जिस से बनमानुसों की अपेक्षा यह लोग मोटे ताज़े और बली भी हो गये। यह लोग मिट्टी की हांडियां बनाते और उनमें साग पात पका लेते थे। कुछ दिन पीछे धातों का काम भी जान गये और उनकी कटारियां और भालों की अनी बनाने लगे। इस समयवाले धात के समय के मनुष्य कहे जाते हैं।
(२) भारतवर्ष की पुरानी जातियां—कोल।